साझा भोजन, साझा सम्मान: आने वाली पीढ़ियों का स्वस्थ भविष्य

खाना साझा करना सिर्फ बराबरी नहीं, स्वास्थ्य, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी जरूरी

By Swati Mohapatra and Devika Deshmukh
Together at the Table: So no one eats last and least, especially girls and women!
UNICEF
01 सितंबर 2025
कोई भी आख़िर में न खाए — ख़ासकर लड़कियां और महिलाएं

कई घरों में आज भी एक अनकही परंपरा चलती है — औरतें और लड़कियां सबसे बाद में खाना खाती हैं और अक्सर उन्हें सबसे कम हिस्सा मिलता है। यह रिवाज़ सामाजिक- सांस्कृतिक सोच से जुड़ा है, लेकिन इसका सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ता है और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचता है।

अक्सर घरों में पुरुषों और लड़कों को पहले परोसा जाता है, जबकि महिलाएँ और लड़कियाँ बचे हुए खाने का इंतज़ार करती हैं। जब तक उनकी बारी आती है, तब तक अच्छा हिस्सा खत्म हो चुका होता है और बचा हुआ खाना पर्याप्त भी नहीं होता। इस परंपरा की जड़ें इतनी गहरी है कि कोई सवाल तक नहीं करता, लेकिन इसके नतीजे गंभीर होते हैं। जो लड़कियों, महिलाओं के साथ-साथ और आने वाली पीढ़ियों  को भी भुगतने पड़ते हैं।

“पोषण में बराबरी खाने की थाली से ही शुरू होती है — कोई भी महिला या लड़की आखिर में या सबसे कम नहीं खाए।”

यूनिसेफ़ इंडिया की एडवोकेसी फ़ॉर हेल्दी डाइट्स श्रृंखला की दूसरे ब्रीफ़ में इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान दिया गया है। इसमें बताया गया है कि पोषण किशोरियों और महिलाओं के अधिकारों, स्वास्थ्य और अवसरों के लिए कितना अहम है — चाहे वे स्कूल में हों, काम पर हों या रोज़मर्रा की ज़िंदगी में। CNNS और NFHS-5 के आंकड़ों के आधार पर यह ब्रीफ़ भारत में कुपोषण के तीनहरे बोझ को सामने लाता है:

कुपोषण, सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी और बढ़ता अधिक वज़न — ये तीन बड़ी चुनौतियाँ हैं। महिलाओं और लड़कियों के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि उन पर लिंग-आधारित सामाजिक मान्यताओं का असर पड़ता है। घर में असमान भोजन वितरण, सीमित खाद्य विकल्प, और समय की कमी जैसी वजहें उन्हें पौष्टिक आहार तक पहुँचने से रोकती हैं। इसका असर खासकर किशोरावस्था, गर्भावस्था और स्तनपान के समय पर सबसे ज़्यादा दिखाई देता है।

एक परंपरा जो बिगाड़ती है सेहत

यह “आख़िर में और सबसे कम” वाला नियम सिर्फ़ नाइंसाफी नहीं, बल्कि सीधा-सीधा औरतों और लड़कियों की सेहत को नुकसान पहुँचाता है।

  • किशोरियों को पर्याप्त पोषण न मिलने से उनकी लंबाई रुक सकती है, शरीर कमजोर हो सकता है और बीमारियाँ जल्दी घेर सकती हैं।
  • प्रजनन आयु की महिलाओं के लिए यह गर्भावस्था के दौरान जटिलताओं का कारण बनता है और बच्चों का वजन कम हो सकता है।
  • इस तरह कुपोषण का यह चक्र माँ से बच्चे तक चलता रहता है।

लेकिन यह समस्या सिर्फ़ भूख तक सीमित नहीं है। आजकल के आहार में ताज़ा और विविध विकल्पों की जगह प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का बोलबाला बढ़ गया है। ऐसे में महिलाएँ और लड़कियाँ न सिर्फ़ पोषक तत्वों की कमी से जूझ रही हैं बल्कि मोटापा और अन्य बीमारियों के ख़तरे में भी हैं। हालाँकि, छोटे-छोटे बदलाव — जैसे पौष्टिक नाश्ता और सेहतमंद स्नैक्स सुनिश्चित करना — उनके स्वास्थ्य में बड़ा अंतर ला सकते हैं।

Embedded video follows
UNICEF Equal Care, Equal Nutrition: Sons and Daughters Deserve the Same
Embedded video follows
UNICEF

Healthy Diets - Gender Equality

परिवार का साथ बैठकर खाना खाने का मतलब है कि औरतों और लड़कियों को भी उतना ही अच्छा और पर्याप्त खाना मिले जितना पुरुषों और लड़कों को मिलता है। यह छोटा-सा बदलाव माँओं की सेहत को मज़बूत करता है, ऊर्जा बढ़ाता है और इससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होता है, स्वस्थ गर्भावस्था की नींव रखता है और बच्चे भी स्वस्थ पैदा होते हैं।

अच्छा खाना हक है, कोई एहसान नहीं

खाना हर इंसान का बुनियादी अधिकार है, चाहे वह पुरुष हो या महिला। इसलिए ज़रूरी है कि महिलाएँ और लड़कियाँ भी परिवार के साथ बैठकर बराबर खाएँ, न कि सबसे बाद में। पौष्टिक भोजन का अधिकार शिक्षा और स्वास्थ्य जितना ही ज़रूरी है। 

“बदलाव वहीं से शुरू होता है जहाँ परिवार एक साथ बैठता है — खाने की मेज़ पर। महिलाओं और लड़कियों को सम्मान से बराबरी का हिस्सा मिले।”

स्वस्थ भविष्य की नींव

“आख़िर में और सबसे कम” खाने की आदत को बदलना सिर्फ़ खाने की बारी बदलने की बात नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य को सुधारने, सम्मान को बढ़ाने और सभी के लिए एक स्वस्थ भविष्य सुरक्षित करने की पहल है।

असली बदलाव की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए। महिलाओं को उचित बराबरी से उचित पोषण मिलेगा, तो वह अधिक स्वस्थ रहेंगी, भावी माताएँ मजबूत होंगी और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित होगा।

Embedded video follows
UNICEF Equal Care, Equal Nutrition: Sons and Daughters Deserve the Same
Embedded video follows
UNICEF Healthy Diets-Gender Equality

“आख़िर में और सबसे कम” खाने की आदत छोड़ना सिर्फ खाने की बारी बदलने की बात नहीं है। यह महिलाओं की गरिमा बढ़ाने, उनके स्वास्थ्य की रक्षा करने और सभी के लिए बेहतर भविष्य बनाने का कदम है।