यूनिसेफ ने मीडिया और विषय विशेषज्ञों के साथ बच्चों एवं किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य तथा आत्महत्या रोकथाम पर जिम्मेदार रिपोर्टिंग पर चर्चा की
मानसिक स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्टिंग में स्टिग्मा को चुनौती देने, गरिमा की रक्षा करने तथा देखभाल और सहायता को बढ़ावा देने में मीडिया की भूमिका
- English
- हिंदी
नई दिल्ली – यूनिसेफ इंडिया ने वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया संस्थानों, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों, क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों का स्वयं अनुभव कर चुके लोगों को एक साथ आमंत्रित किया, ताकि इस पर चर्चा की जा सके कि जिम्मेदार मीडिया रिपोर्टिंग किस प्रकार सहयोगपूर्ण वातावरण बनाने, उपचार और सहायता लेने के व्यवहार को प्रोत्साहित करने तथा बच्चों, किशोरों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के समर्थन में स्टिग्मा को कम करने में मदद कर सकती है। यह चर्चा आज नई दिल्ली में आयोजित गोलमेज बैठक "शब्दों का महत्व: बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े स्टिग्मा को कम करने और आत्महत्या रोकथाम के लिए जिम्मेदार मीडिया रिपोर्टिंग" के दौरान हुई।
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मीडिया के वरिष्ठ संपादकों तथा पत्रकारों ने मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अपने अनुभव साझा करने वाले युवाओं के साथ मिलकर इस बात पर विचार किया कि मीडिया रिपोर्टिंग किस प्रकार मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूक और संवेदनशील सार्वजनिक संवाद को बढ़ावा दे सकती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, दुनिया भर में 10 से 19 वर्ष की आयु के हर सात में से एक किशोर किसी न किसी मानसिक स्वास्थ्य समस्या का सामना करता है। इनमें से कई मामलों की पहचान नहीं हो पाती और उनका उपचार नहीं हो पाता, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ता है, विशेष रूप से बड़े किशोरों पर। सभी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं में से आधी की शुरुआत 14 वर्ष की आयु तक हो जाती है, इसलिए समय रहते पहचान और उपचार लंबे समय तक पड़ने वाले प्रभावों को कम कर सकता है।
प्रिंट और टेलीविजन मीडिया के अलावा, सोशल मीडिया तथा ऑनलाइन/डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे अनेक समाचार मंचों के उभरने से, जो कुछ ही मिनटों में लाखों लोगों तक पहुंचते हैं, मानसिक स्वास्थ्य पर जिम्मेदार रिपोर्टिंग का महत्व और बढ़ गया है। सटीक जानकारी, सावधानीपूर्वक भाषा का उपयोग और निजता का सम्मान हानिकारक धारणाओं को चुनौती देने में मदद कर सकते हैं, जबकि बिना संदर्भ वाली या सनसनीखेज रिपोर्टिंग स्टिग्मा को बढ़ा सकती है और नुकसान पहुंचा सकती है।
"मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक सुख-समृद्धि बच्चों के अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मानसिक स्वास्थ्य इस बात पर गहरा प्रभाव डालता है कि बच्चे कैसा महसूस करते हैं, कैसे सीखते हैं, सार्थक संबंध कैसे बनाते हैं और अपने जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में कैसे भाग लेते हैं। लेकिन मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े स्टिग्मा के कारण कई बच्चे और किशोर सहायता लेने में संकोच करते हैं।"
मीडिया से सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए मोलर ने कहा, "स्टिग्मा को कम करने के लिए ऐसा सार्वजनिक संवाद आवश्यक है जो मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को लेकर समझ और विश्वास बढ़ाए। मीडिया सहयोगपूर्ण वातावरण बनाने, भेदभाव कम करने और उपचार तक पहुंच को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यूनिसेफ जनता में जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे के मानसिक स्वास्थ्य तथा मनोसामाजिक कल्याण के अधिकार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।"
भारत में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे लोगों के लिए सामाजिक स्टिग्मा और उपचार तक सीमित पहुंच अभी भी बड़ी बाधाएं हैं। भारत के राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (2015-16) के अनुसार मानसिक विकारों के उपचार में 84.5 प्रतिशत की कमी पाई गई, जो उपचार सेवाओं तक पहुंच और जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को दर्शाती है।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की "भारत में आकस्मिक मृत्यु एवं आत्महत्या 2024" रिपोर्ट के अनुसार, आत्महत्या से 1,70,746 मौतें दर्ज की गईं। इनमें 14,488 छात्र और 18 वर्ष से कम आयु के 11,184 बच्चे शामिल थे। पुलिस रिकॉर्ड पर आधारित ये आंकड़े आत्महत्या से जुड़ी मानसिक पीड़ा की वास्तविक स्थिति को पूरी तरह नहीं दर्शाते, जिससे यह स्पष्ट होता है कि बिना सनसनी फैलाए और बिना सरलीकृत निष्कर्षों के जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता है।
बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए सरकार के मौजूदा मंचों में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्कूल स्वास्थ्य और कल्याण कार्यक्रम, किशोरों के लिए सुरक्षित स्थान के रूप में 'एडोलसेंट फ्रेंडली हेल्थ सेंटर्स' (किशोर-अनुकूल स्वास्थ्य केंद्र), युवाओं के लिए परामर्श (काउंसलिंग) की सुविधा, और मानसिक स्वास्थ्य पर डिजिटल परामर्श के लिए 'टेली मानस' हेल्पलाइन शामिल हैं।
चर्चाओं में इस बात पर विचार किया गया कि समाचार कक्ष मौजूदा दिशानिर्देशों को कैसे लागू कर सकते हैं, उचित भाषा का उपयोग कैसे कर सकते हैं, आत्महत्या से संबंधित खबरों में नैतिक मानकों का पालन कैसे सुनिश्चित कर सकते हैं, बच्चों की निजता और गरिमा की रक्षा कैसे कर सकते हैं तथा सटीक और संदर्भयुक्त रिपोर्टिंग कैसे प्रस्तुत कर सकते हैं। पहले सत्र में यह विश्लेषण प्रस्तुत किया गया कि मीडिया कवरेज मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम के प्रति समाज में मौजूद स्टिग्मा को किस प्रकार प्रभावित करती है।
समूह कार्य से सामने आए प्रमुख निष्कर्षों में से एक यह था कि जिम्मेदार रिपोर्टिंग केवल उन बातों तक सीमित नहीं है जिनसे हमें बचना चाहिए, बल्कि इसमें यह भी महत्वपूर्ण है कि हम किन बातों को शामिल करते हैं। प्रतिभागियों ने सनसनीखेज शीर्षकों और किसी समस्या के लिए केवल एक कारण बताने वाली रिपोर्टिंग से आगे बढ़कर ऐसी कहानियों पर जोर दिया जो संदर्भ, गरिमा और आशा प्रदान करती हों। सभी प्रतिभागियों ने बच्चों की पहचान की सुरक्षा, सटीक और निष्पक्ष भाषा के उपयोग, विभिन्न मंचों पर हेल्पलाइन और सहायता संबंधी जानकारी साझा करने तथा लोगों को केवल उनके संकट के क्षणों तक सीमित न दिखाने के महत्व पर सहमति व्यक्त की।
यूनिसेफ इंडिया के क्रिटिकल एप्रेज़ल स्किल्स (CAS) कार्यक्रम के मार्गदर्शकों ने जोर दिया कि मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित रिपोर्टिंग केवल आत्महत्या की घटनाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन व्यापक कारकों की भी पड़ताल करनी चाहिए जो मानसिक सुख-समृद्धि को प्रभावित करते हैं। इनमें पारिवारिक परिस्थितियाँ, गरीबी, दिव्यांगता, जलवायु संबंधी आपदाएँ, स्कूल का वातावरण और सहायता सेवाओं तक पहुंच शामिल हैं। चर्चा में यह भी रेखांकित किया गया कि स्वस्थ होने की प्रक्रिया, चुनौतियों से उबरने की क्षमता और सहायता प्राप्त करने के रास्ते ऐसी कहानियाँ हैं जिनमें मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है तथा सहायता मांगने को स्वीकार्य, संभव और स्टिग्मा-मुक्त बना सकता है।
यह मीडिया गोलमेज बैठक 12 से 14 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले वैश्विक सम्मेलन "टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा 2026" की तैयारी के रूप में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं, मीडिया संस्थाओं और सामुदायिक हितधारकों के बीच सहभागिता को मजबूत करना है, ताकि प्रमाण-आधारित जानकारी और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को बढ़ावा दिया जा सके, सामाजिक स्टिग्मा को चुनौती दी जा सके और लोगों, विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
फोटो देखने के लिए यहां क्लिक करें: https://weshare.unicef.org/Folder/2AMZIFS6W6W6
संपादकों के लिए नोट्स
- दुनिया भर में किशोरों के बीच मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियाँ बढ़ रही हैं। आत्महत्या इस आयु वर्ग में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है, जो सामाजिक स्टिग्मा, शैक्षणिक दबाव, सामाजिक अपेक्षाओं और उपचार तक सीमित पहुंच जैसे कारणों से जुड़ी होती है।
- यूनिसेफ का मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक सहायता (MHPSS) ढाँचा बहु-स्तरीय और बहु-क्षेत्रीय दृष्टिकोण अपनाता है। इसके अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा प्रणाली और सामुदायिक मंचों से जोड़ा जाता है तथा विशेष सेवाओं तक रेफरल व्यवस्था को मजबूत किया जाता है।
- भारत में यूनिसेफ मिशन वात्सल्य, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) और आयुष्मान भारत स्कूल स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम (AB-SHWP) जैसी प्रमुख योजनाओं के माध्यम से किशोर-अनुकूल मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को प्रोत्साहित करने में सहयोग कर रहा है।
- विश्व मनोचिकित्सा संघ (World Psychiatric Association) का वैश्विक सम्मेलन "टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा" 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। यह सम्मेलन मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े स्टिग्मा को कम करने और विशेष रूप से युवाओं के लिए उपचार तक पहुंच बेहतर बनाने के समाधान तलाशने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों को एक मंच पर लाएगा।
मीडिया संपर्क
यूनिसेफ के बारे में
यूनिसेफ अपने हर काम में प्रत्येक बच्चे के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देता है। अपने साझेदारों के साथ मिलकर, यूनिसेफ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित बचपन को व्यावहारिकता में बदलने के लिए 190 देशों और क्षेत्रों में काम कर रहा है। यूनिसेफ इंडिया भारत में सभी लड़के-लड़कियों के लिए स्वास्थ्य, पोषण, शुद्ध जल उपलब्धता, स्वच्छता, शिक्षा और बाल संरक्षण कार्यक्रमों को बनाए रखने और विस्तारित करने के लिए लोगों के समर्थन और दान पर निर्भर है। हर बच्चे को जीवित रहने और आगे बढ़ने में मदद करने के लिए हमारा समर्थन करें!
यूनिसेफ इंडिया के और इसके कामों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://www.unicef.org/india/hi पर विजिट करें। आप हमें ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और गूगल प्लस पर फॉलो कर सकते हैं।