खेलो, सीखो और प्यार करो: बच्चों की विकास यात्रा में माता-पिता के लिए रोज़मर्रा के आसान टिप्स

जन्म से 11 साल तक—प्यार, खेल और बातचीत के छोटे-छोटे पल ही बच्चों को सीखने और खिलने का अवसर देते हैं

UNICEF
ash Tadvi ( 3 years) goes to the local AW centre in his village which is covered under the Pa Pa Pagli project.
UNICEF/UNI490309/Panjwani
08 दिसम्बर 2025

जैसे ही बच्चा जन्म लेता है, वह सीखना शुरू कर देता है—देखकर, सुनकर, छूकर और महसूस करके। और इस सीख की शुरुआत आपसे होती है। अपने बच्चे की इस पूरी जर्नी में आप ही उसके पहले शिक्षक, मार्गदर्शक और साथी होते हैं।

जब आप अपने बच्चे के साथ मुस्कुराते हैं, बात करते हैं, गाना गाते हैं और खेलते हैं, तो आप उसके दिमाग को मज़बूत बनाते हैं। ये छोटे लेकिन असरदार पल उसकी सोच, बातचीत और भावनात्मक कौशल को विकसित करते हैं।

खेल कोई लग्ज़री नहीं है—यही बच्चों के सीखने का सबसे अच्छा तरीका है। इसके लिए महंगे खिलौनों या गैजेट्स की ज़रूरत नहीं होती। आपका समय, प्यार और ध्यान ही सबसे कीमती उपहार हैं।

हर उम्र बच्चे को और समझदार, मज़बूत और आत्मविश्वासी बनाने का मौका देती है।

0–3 वर्ष: शिशु और छोटे बच्चे

यह दिमाग़ के तेज़ विकास का समय होता है। इस उम्र में बच्चे छूने, देखने, सुनने और हिलने-डुलने से सीखते हैं।

आप क्या कर सकते हैं:

  • अपने बच्चे से बार-बार बात करें 
    भले ही बच्चा जवाब न दे पाए, फिर भी बताइए कि आप क्या कर रहे हैं जैसे “अब मैं आपके हाथ धो रही हूँ”, “आपकी यह शर्ट  लाल रंग की है।” इससे आपके बच्चे को शब्द और उनके अर्थ समझने में मदद मिलती है।
  • मुस्कुराएँ और बच्चे की आवाज़ों का जवाब दें
    जब बच्चा कूक करता है, बड़बड़ाता है या इशारे करता है... हर बार उसकी आँखों में देखकर मुस्कुराकर जवाब दें। ये शुरुआती “संवाद” बच्चे से जुड़ाव और भरोसा बनाते हैं।
  • पेट के बल लिटाने और हिलने-डुलने का समय दें

    हर दिन कुछ मिनट बच्चे को पेट के बल लिटाएँ। उसे लुढ़कने, रेंगने और हाथ बढ़ाने का मौका दें—इससे शरीर में ताकत और संतुलन विकसित होता है।

  • घर की सुरक्षित चीज़ों से खेलने दें
    कप, मुलायम कपड़े, लकड़ी के चम्मच या चूड़ियों आदि घर की सुरक्षित चीज़ों से बच्चे को खेलने दें। अलग-अलग आकार और बनावट को छूने से बच्चे की इंद्रियाँ और दिमाग विकसित होता है।
  • साथ में गाएँ, ताली बजाएँ और नाचें
    लोरियाँ, ताली वाले खेल और सरल धुनें बच्चे की याददाश्त, सुनने की क्षमता और खुशी बढ़ाती हैं।

याद रखें: बच्चे आपकी आँखों, आपके शब्दों और आपके प्यार से सीखते हैं।

3–8 वर्ष: नन्हे खोजी (प्री-स्कूल से कक्षा 2)

इस उम्र में बच्चे जिज्ञासु, कल्पनाशील और सीखने के लिए उत्सुक होते हैं। रोज़मर्रा के काम भी सीखने के मौके बन जाते हैं।

आप क्या कर सकते हैं:

  • नाटक और कल्पनात्मक खेल को बढ़ावा दें
    गुड़िया, जानवरों के खिलौने या रसोई का सामान दें। उन्हें “खाना बनाना”, “पढ़ाना” या “दुकान” खेलने दें।
  • छोटे घरेलू कामों में शामिल करें
    बच्चों को छोटे घरेलू कामों जैसे कपड़े मोड़ना, सब्ज़ियाँ सजाना, पौधों को पानी देना आदि में शामिल करें। इससे उनमें ज़िम्मेदारी और आत्मसम्मान बढ़ता है।
  • जो दिखे, उस पर बातचीत करें
    अपने आसपास जो भी उस पर बच्चे से बातचीत करें। उससे पूछें “आसमान का रंग कैसा है?” या “वह बादल किस आकार का है?” ऐसी बातचीत से बच्चों की सोचने की क्षमता और शब्दावली बढ़ाती है।
  • पारंपरिक भारतीय खेल खेलें
    अपने बच्चों के साथ पिट्ठू, गिल्ली-डंडा, स्टापू (क्लास), कबड्डी जैसे खेल शारीरिक संतुलन, समस्या-समाधान और सामाजिक कौशल बढ़ाने वाले खेल खेलें।
  • स्थानीय कहानियाँ और गीत सुनाएँ
    लोककथाएँ, क्षेत्रीय गीत और कविताएँ बच्चों को भाषा, संस्कृति और कल्पना से जोड़ती हैं।

याद रखें: बच्चे खेल-खेल में सबसे अच्छा सीखते हैं—और खासकर तब, जब वे आपके साथ खेलते हैं।

8–11 वर्ष: विकसित होती सोच (कक्षा 3 से 5)

इस उम्र में बच्चे सवाल पूछना, अपनी राय रखना और नई चीज़ें आज़माना पसंद करते हैं। उनका आत्मविश्वास और स्वतंत्रता बढ़ने लगती है।

आप क्या कर सकते हैं:

  • खुले सवाल पूछें
    “अगर तुम होते तो क्या करते?” “तुम्हें क्यों लगता है ऐसा हुआ?” इससे बच्चों की सोचने-समझने और तर्क करने के साथ-साथ भावनाओं को व्यक्त करने की क्षमता भी बढ़ती है।
  • उन्हें आगे बढ़कर लीड करने दें
    खाने की योजना बनाना, सूची बनाना, पढ़ाई व्यवस्थित करना या आपको कोई खेल सिखाना—इससे उन्हें ज़िम्मेदारी का एहसास होता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
  • रोज़मर्रा की पढ़ाई-लिखाई की आदत को बढ़ावा दें
    सड़क के बोर्ड पढ़ना, परिवार की रेसिपी लिखना या छोटी डायरी शुरू करना। इससे आपके बच्चे में भाषा कौशल और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
  • उनकी रुचियों को बढ़ावा दें
    चित्र बनाना, गाना, चीज़ें बनाना, कीड़े-मकोड़े देखना या कुछ ठीक करना—जो भी उन्हें पसंद हो, उसमें उनका उत्साह बढ़ाएँ। इससे बच्चों में प्रतिभा और आत्मसम्मान विकसित होता है।

याद रखें: इस उम्र में बच्चों को हर दिन आपका समय, भरोसा और प्रोत्साहन चाहिए।

आपको महंगे खिलौनों या नए गैजेट्स की ज़रूरत नहीं है।
आपको परफेक्ट होने की ज़रूरत नहीं है।
आपको बस मौजूद रहने की ज़रूरत है।

आपके रोज़मर्रा के काम उनका भविष्य बनाते हैं

आपका समय, प्यार और प्रोत्साहन—ये सबसे ताक़तवर सीखने के साधन हैं जो आपके बच्चे के पास होंगे।

खेलें—सिखाएँ और अपने बच्चे को हर दिन प्यार दें!