मनोरंजन में सभी का समावेश मायने रखता है

हम एक ऐसी दुनिया का निर्माण करें जहां हर कहानी और हर आवाज़ की कद्र हो।

Raghav Aggarwal, Youth Content Creator, #Youth4UNICEF
Inclusion for all in Entertainment
AI Generated Image
21 अगस्त 2025
लाइट्स-कैमरा और हरेक की भागीदारी!

मनोरंजन की दुनिया में मनोरंजन से कहीं ज़्यादा करने की अनोखी शक्ति है, यह दुनिया को देखने के हमारे नज़रिए को आकार दे सकती है, हमारे दिमाग को खोल सकती है, सहानुभूति पैदा कर सकती है और पुरानी मान्यताओं को चुनौती दे सकती है।

भारत जैसे जीवंत और विशाल देश में, मनोरंजन दूर-दराज तक फैला हुआ है, ये भीड़-भाड़ वाले शहरों से लेकर दुर्गम गाँवों तक इसकी पहुंच है।

फिर भी, बहुत लंबे समय से, दिव्यांग व्यक्ति पर्दे पर और पर्दे के पीछे, दोनों ही जगह हाशिये पर रहे हैं। अब समय आ गया है कि इसमें बदलाव हो।

मनोरंजन में सच्चा समावेशन विविधता के किसी खास पक्ष पर फोकस करने के बारे में नहीं है। यह उन प्रणालियों, कहानियों और जगहों की पुनर्कल्पना करने के बारे में है जिनसे यह उद्योग बना है, ताकि सभी को देखा जाए, सुना जाएऔर सचमुच सम्मानित किया जा सके।

जैसे-जैसे दुनिया विकसित हुई है, वैसे-वैसे हमारी कहानियाँ और उन्हें बताने का तरीका भी बदलना चाहिए। क्योंकि सच्चाई यह है कि हम सभी अनोखे हैं - और हर नज़रिए को सुर्खियों मिलनी चाहिए।

दिव्यांग भूमिकाओं में दिव्यांग प्रतिभाओं को शामिल करें

यह तो कहने की ज़रूरत ही नहीं है, आज के समय में प्रतिनिधित्व मायने रखता है।

जब दिव्यांग कलाकार दिव्यांग किरदार निभाते हैं, तो यह न सिर्फ़ ज़्यादा नैतिक होता है - बल्कि कहानी कहने का तरीका और भी ज़्यादा प्रभावशाली, विश्वसनीय और वास्तविक हो जाता है।

"क्रिपिंग अप" की पुरानी प्रथा - जहाँ गैर-दिव्यांग कलाकार दिव्यांग भूमिकाएँ निभाते हैं - हानिकारक भ्रांतियों को मज़बूत करती है और अनुभव को मिटा देती है। अब समय आ गया है कि हम "लेकिन यह नहीं हो सकता" वाली पुरानी धारणा से आगे बढ़ें।

और ज़ाहिर है, यह खूबसूरती से किया जा सकता है - सितारे ज़मीन पर... जैसी फ़िल्मों को ही देख लीजिए, जो प्रामाणिक और सम्मानजनक कहानी कहने का रास्ता दिखा रही हैं जो लोगों तक पहुँचती है।

रूढ़िवादिता से आगे बढ़ें

अक्सर, दिव्यागता को तीन व्यापक अर्थों में से एक से दर्शाया जाता है: दया, पीड़ा, या ज़बरदस्ती की प्रेरणा। लेकिन यह पूरी तस्वीर नहीं है - बिल्कुल भी नहीं।

आज दिव्यांगता का दायरा विस्तृत और गतिशील है - जिसमें दृश्य, अदृश्य, शारीरिक, संवेदी, संज्ञानात्मक और न्यूरो-विकास संबंधी अंतर जैसे एडीएचडी, वाणी और भाषा संबंधी चुनौतियाँ, और विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य स्थितियाँ शामिल हैं।

दिव्यांग सिर्फ़ दूसरों को प्रेरित करने के लिए नहीं हैं। वे भी पूरी, समृद्ध ज़िंदगी जी रहे हैं - आनंद, हास्य, महत्वाकांक्षा, प्रेम और हाँ, कभी-कभी चुनौतियों से भरा - जोकि हर किसी की जिंदगी में हैं।

अब समय आ गया है कि हमारा मनोरंजन जगत इस सच्चाई को प्रतिबिंबित करे। दिव्यांग पात्रों को पूरी कहानी दें - रोमांस, कॉमेडी, एक्शन, ड्रामा, यहाँ तक कि साइंस फिक्शन भी। क्योंकि इसके लिए दर्शक भी तैयार हैं और कहानियाँ भी।

पर्दे के पीछे दिव्यांग लोगों को काम पर रखा जाना चाहिए

असली समावेशन सिर्फ़ इस बारे में नहीं है कि किसे देखा जाए - बल्कि यह भी है कि किसे रचनात्मकता का मौका मिले।

पटकथा लेखकों और संपादकों से लेकर छायाकार, संगीतकार, मेकअप कलाकार और कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर तक - विकलांग लोगों को हर भूमिका में अवसर मिलना चाहिए।

यह दयालुता और दान के बारे में नहीं है। यह समानता, सशक्तिकरण और दृष्टिकोण के बारे में है। जब दिव्यांग अपनी कहानियाँ खुद कहते हैं, तो परिणाम ज़्यादा मज़बूत, ज़्यादा प्रामाणिक और कहीं ज़्यादा सार्थक होते हैं।

विभिन्न उद्योगों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग पेशेवरों के पहले से ही कई उदाहरण मौजूद हैं। मनोरंजन जगत को भी इस राह पर आगे बढ़ने की ज़रूरत है - इसकी अपेक्षा नहीं की जा रही है, बल्कि ये आज के समय की जरूरत है।

सेट और प्रोडक्शन को एक्सेसिबल बनाएँ

यह सुनने में भले ही बुनियादी लगे, लेकिन फिल्म और कंटेंट निर्माण के कई क्षेत्रों में समावेशी बुनियादी ढाँचे की कमी अभी भी बनी हुई है।

सेट को सभी के लिए सुलभता को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया जाना चाहिए - रैंप और व्हीलचेयर-फ्रेंडली ट्रेलरों से लेकर शांत जगहों, संवेदी-अनुकूल क्षेत्रों और समावेशी शौचालयों तक। प्रोडक्शन हाउस को यह सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए कि हर कलाकार और तकनीशियन एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सक्षम वातावरण में अपना काम कर सकें।

यह सिर्फ़ अनुपालन के बारे में नहीं है - यह सम्मान और सभी के लिए समान अवसर के बारे में भी है।

देखने को और भी आसान बनाएँ

सभी को सिनेमा के जादू या टीवी शो के रोमांच का आनंद लेने का अधिकार है - लेकिन देश के कई हिस्सों में, खासकर छोटे शहरों और कस्बों में, सिनेमाघरों तक दिव्यांग लोगों की भौतिक पहुँच अभी भी एक बड़ी बाधा है।

और मूक-बधिर, दृष्टिहीन और न्यूरो संबंधित रोगों से ग्रसित कई लोगों के लिए, स्क्रीन पर कुछ देखना आज भी मुश्किल है।

इसे बदलने के लिए, हमें कुछ समाधानों पर ज़ोर देना होगा:

  • कैप्शन और सबटाइटल्स
  • ऑडियो डिस्क्रप्शन
  • साइन लैंगुएज
  • ऑडियो को बढ़ाने की तकनीकें
  • डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर कस्टम सबटाइटल्स की सुविधा

स्ट्रीमिंग के क्षेत्र के दिग्गज और सिनेमा चैन के मालिकों को इस बारे में सोचना होगा। ये छोटे छोटे बदलाव दिव्यागों की जिंदगी में बड़े प्रभाव डाल सकते हैं।

एक-एक करके बदलाव की इन्क्लूसिव स्टोरीज को दोबारा लिखना होगा

हम जानते हैं कि एक सच्चा समावेशी मनोरंजन क्षेत्र रातोंरात नहीं बन जाएगा। लेकिन आगे का रास्ता साफ़ है, और शुरुआत करने का समय अभी है।

क्योंकि जब हम विविधता की बात करते हैं, तो हमारा मतलब सभी से होना चाहिए - चाहे उनकी क्षमताएँ कुछ भी हों। सच्चे इरादे, करुणा, रचनात्मकता और जवाबदेही के साथ, हम एक ऐसा मीडिया उद्योग बना सकते हैं जो न केवल विकलांग लोगों को शामिल करे - बल्कि उन्हें अपनी शर्तों पर नेतृत्व करने, आगे बढ़ने और प्रेरित करने का अधिकार भी प्रदान करे।

जैसा कि समावेशिता की पैरोकार वर्ना मायर्स ने एक बार कहा था: "विविधता को पार्टी में आमंत्रित किया जा रहा है। समावेशिता को नाचने के लिए कहा जा रहा है।" आइए एक कदम आगे बढ़ें - आइए माइक, पेन और डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी इन्हें सौंप दें।

क्योंकि जब हमारी कहानियाँ अधिक समावेशी हो जाती हैं... तो सभी जीतते हैं।

आइए, एक्सक्लूजन को पीछे छोड़ते हुए आगे बढ़ें।

लेखक के बारे में:

जिज्ञासा और जुनून से भरपूर 16 वर्षीय राघव अग्रवाल एक जिंदादिल छात्र हैं, जो स्कूल के अपने अंतिम वर्ष में हैं। खाने के शौकीन और पाककला के अनुभवों के प्रति प्रेम रखने वाले राघव को गणित और अर्थशास्त्र की दुनिया में भी समान रूप से रुचि है। खेलों के शौकीन होने के कारण, उन्हें खेल देखना और उनका गहराई से विश्लेषण करना दोनों ही पसंद है।

काफी यात्राएँ करने के बाद, राघव ने अपने देश में दिव्यांग व्यक्तियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर एक अनूठा दृष्टिकोण प्राप्त किया है। वह बुनियादी ढाँचे की कमियों और उससे भी महत्वपूर्ण, सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव की आवश्यकता से गहराई से वाकिफ हैं।

एक सार्थक बदलाव लाने के लिए उत्सुक, राघव यूनिसेफ के मंच का उपयोग जागरूकता बढ़ाने और इस उद्देश्य के प्रति स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए करना चाहते हैं। दृश्य कथावाचन के प्रति गहरी रुचि के साथ, वह दूसरों को प्रेरित और सशक्त बनाने के लिए वास्तविक जीवन की कहानियों और शक्तिशाली संदेशों वाले प्रभावशाली वीडियो बनाने में माहिर हैं।

ब्लॉग के बारे में

यूनिसेफ अपने हर काम में प्रत्येक बच्चे के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देता है। अपने साझेदारों के साथ मिलकर, यूनिसेफ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित बचपन को व्यावहारिकता में बदलने के लिए 190 देशों और क्षेत्रों में काम कर रहा है।

यूनिसेफ इंडिया के और इसके कामों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://www.unicef.org/india/hi पर विजिट करें।

आप हमें ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, यूट्यूब और गूगल प्लस पर फॉलो कर सकते हैं।

हमारे काम का अन्वेषण करें