बाल विवाह के खिलाफ आवाज़: कौशल्या की हिम्मत भरी कहानी
चेन्नई की एक 19 वर्षीय लड़की जिसने अपनी बहन और समुदाय की अन्य लड़कियों को बाल विवाह से बचाया, और स्कूल जाने के अधिकार के लिए भी लड़ी
- English
- हिंदी
उत्तरी चेन्नई के इस इलाके में सुबह पाँच बजे भी रौनक होती है। मछुआरे ताज़ी मछली लेकर लौटते हैं, बच्चे खेलते हैं, नौजवान गाना गाते हुए घूमते हैं और सड़कों पर कैरम की बाज़ी जमती है। समुद्र किनारे बसे इस मछुआरा इलाके में यही रोज़मर्रा की ज़िंदगी है, और यहीं 19 साल की कौशल्या रहती है।
चेन्नई के थंडियारपेट स्थित गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में इकोनॉमिक्स की पहले साल की छात्रा कौशल्या को इलाके में लगभग हर कोई जानता है। एन्नोर के आसपास बसे इन मछुआरा गाँवों की ज़िंदगी सदियों से खाड़ी पर टिकी रही है, यहाँ के लोगों का जीना भी संघर्ष है और कौशल्या की कहानी भी।
"मेरे माता पिता तब गुज़र गए जब मैं बहुत छोटी थी। पिता रिक्शा चलाते थे, हमेशा टूटे हुए से रहते थे, और माँ के जाने के कुछ साल बाद वो भी नहीं रहे। मुझे तो उनका चेहरा तक याद नहीं। मैं अक्सर सोचती हूँ कि अगर वो होते तो मेरी ज़िंदगी कैसी होती।"
पिता की मौत के बाद कौशल्या अपने दो भाई बहनों के साथ पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची के घर आ गई। चाची चाचा के पहले से पाँच बच्चे थे और घर में साधन बहुत कम, फिर भी उनका दिल बड़ा था।
चाचा शराब पीते थे, इसलिए इतने बड़े परिवार को संभालने की पूरी ज़िम्मेदारी चाची पर आ गई। मुश्किल से गुज़ारा करने के लिए उन्होंने घर के सामने एक छोटी सी खाने की दुकान खोल ली।
भावुक मन कौशल्या ने बताया कि, "कॉलेज के बाद या छुट्टियों में मैं चाची का हाथ बंटाती हूँ, उन्होंने मेरे और मेरे भाई बहनों के लिए सब कुछ किया है।"
कौशल्या बचपन से ही निडर रही है और अपने अधिकारों की बात खुलकर करती रही है। अरुणोदय के चिल्ड्रन संगम की बैठकों में जाने से उसकी यह हिम्मत और मज़बूत हुई।
अरुणोदय एक ऐसा संगठन है जो बाल श्रम खत्म करने, बाल मज़दूरों की सुरक्षा और शोषण झेल चुके सड़क पर रहने वाले बच्चों के परिवारों को सहारा देने का काम करता है।
"इन बैठकों से मुझे बाल अधिकारों की जानकारी और बाल विवाह और बाल श्रम जैसे मुद्दों की गहरी समझ मिली।"
लेकिन ये मुद्दे कौशल्या के लिए बिल्कुल नए नहीं थे। उसने अपनी आँखों के सामने देखा था कि कम उम्र में शादी होने पर क्या हुआ था, उसकी अपनी चचेरी बहन के साथ।
रेवती, यानी उसकी चाची की बेटी ने सिर्फ 15 साल की उम्र में भागकर शादी कर बैठी और अगले ही साल माँ बन गई। आज 24 साल की रेवती तीन बच्चों की माँ है और उसे अपने इस फ़ैसले पर गहरा पछतावा है, उसके पास अब जीवन में बहुत कम विकल्प बचे हैं।
यही देखते हुए परिवार ने कौशल्या की बहन संगीता की शादी भी सिर्फ 16 साल की उम्र में तय करने का मन बना लिया था। "मेरी बहन का दर्द मुझे अंदर तक हिला गया। मैं जानती थी कि मेरी बहन को वो सब नहीं झेलना चाहिए जो रेवती ने झेला। मुझमें हिम्मत आई कि मैं अपने लिए और अपनी बहन के लिए खड़ी हो जाऊँ, मुझे डर था कि यही मेरे साथ भी हो सकता है।"
कौशल्या ने चाचा चाची को समझाया कि इतनी छोटी उम्र में शादी क्यों गलत है। उसने दलील दी कि इस उम्र में लड़की का शरीर गर्भावस्था के लिए तैयार नहीं होता, प्रसव में जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है, लड़की का अपने फ़ैसलों पर कोई नियंत्रण नहीं रहता और वो घरेलू हिंसा की शिकार भी हो सकती है। साथ ही ज़्यादातर लड़कियाँ शादी के बाद स्कूल छोड़ देती हैं।
उसकी बात का असर हुआ और परिवार ने संगीता की शादी टाल दी। संगीता आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी थी, लेकिन उसने सिलाई सीख ली। आज 21 साल की संगीता की शादी को एक महीना हो गया है और वो भी चाची के स्टॉल में हाथ बंटाती है।
कौशल्या यहीं नहीं रुकी। अपने चाइल्ड क्लब के साथियों के साथ मिलकर उसने समुदाय में एक और बाल विवाह रुकवाया, पहले लड़की के माता पिता को समझाकर, और जब बात नहीं बनी तो पुलिस और चाइल्डलाइन हेल्पलाइन को फोन करने की चेतावनी देकर।
धीरे धीरे बाल अधिकारों से जुड़े मामलों में कौशल्या इलाके का जाना पहचाना नाम बन गई। कोई भी दिक्कत हो, लोग सलाह के लिए उसी के पास आते हैं।
कौशल्या ने बताया कि, "मुझे पता चला कि मेरे इलाके में आई एक 15 साल की लड़की की शादी दबाव में कर दी गई थी, जबकि वो पढ़ना चाहती थी। मैंने उससे बात की, और अरुणोदय की मदद से हम पुलिस तक पहुँचे और वो शादी रद्द करवाई।"
"अकेले आवाज़ उठाने से कहीं ज़्यादा असर तब होता है जब पूरा समूह साथ खड़ा हो। जब हम एक साथ आवाज़ उठाते हैं तो लोग हमारी बात को गंभीरता से लेते हैं, हमारे चाइल्ड क्लब को इसी वजह से इतनी पहचान मिली है।"
"क्लब बनने के बाद से हमारे इलाके में बाल श्रम पर काफी हद तक लगाम लगी है। क्लब की अध्यक्ष बनने से मुझमें आत्मविश्वास आया, समय के साथ मेरी बातचीत करने की और लोगों से जुड़ने की समझ भी बेहतर हुई। इस काम की वजह से मुझे अपने साथियों का ही नहीं, बड़ों और समुदाय के लीडरों का भी सम्मान मिला।"
पानी की लड़ाई लड़ी
चेन्नई में पानी की किल्लत कोई नई बात नहीं। लोग टैंकर के पीछे भागते हैं, घंटों इंतज़ार करते हैं, और कई बार रिश्वत तक देनी पड़ती है। टैंकर आते ही महिलाएँ, पुरुष और बच्चे रंग बिरंगे प्लास्टिक के बर्तन लेकर दौड़ पड़ते हैं। इसी वजह से कई लड़कियाँ स्कूल-कॉलेज छोड़कर घर पर रुकने लगी थीं, ताकि टैंकर आने पर पानी भर सकें।
"हमारे इलाके में पानी की भारी किल्लत थी और सप्लाई का कोई तय समय भी नहीं था। कई लड़कियाँ स्कूल छोड़ देती थीं ताकि टैंकर आने पर पानी भर सकें, जो कभी भी आ सकता था। यह बात मुझे बहुत परेशान करती थी, इसलिए मैंने और मेरी सहेलियों ने एक बड़ा कदम उठाने का फ़ैसला किया।"
उन्होंने तमिलनाडु स्लम क्लीयरेंस बोर्ड को एक याचिका सौंपी और मांग की कि पानी की सप्लाई का समय शाम के किसी तय वक्त पर तय किया जाए, ताकि लड़कियाँ बिना रुकावट स्कूल कॉलेज जा सकें।
अधिकारियों ने इस बात को गंभीरता से लिया और टैंकर का समय बदल दिया गया। आज कौशल्या यह सुनिश्चित करती है कि इलाके की किसी भी लड़की की पढ़ाई पानी की कमी के कारण न रुके।
आर्थिक तंगी के बावजूद कौशल्या के चाचा-चाची हमेशा उसका साथ देते हैं और उसकी उपलब्धियों पर गर्व महसूस करते हैं। कौशल्या अब वकील बनना चाहती है।
"मैं स्कूल के बाद पढ़ाई नहीं छोड़ना चाहती थी। मेरा परिवार साथ था पर उनके पास साधन नहीं थे। अरुणोदय मेरी कॉलेज की पढ़ाई में मदद कर रहा है और मैं वकील बनने की ठान चुकी हूँ। मैं बच्चों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर काम करते रहना चाहती हूँ।"
नृत्य की शौकीन कौशल्या आखिर में बड़े साफ़ शब्दों में कहती है, "शादी मैं तभी करूँगी जब खुद चाहूँगी और सही इंसान मिलेगा। कोई मेरी आज़ादी पर बंदिश नहीं लगा सकता। मैं काम भी करूँगी और अपने फ़ैसले भी खुद लूँगी। और मैं बच्चों के अधिकारों से जुड़े मामलों पर काम करना भी जारी रखूंगी।"