पालिका दिव्यांग भवन फाउंडेशन में निकिता की प्रेरणादायक यात्रा

पिंपरी-चिंचवड़ के बढ़ते शहरीकरण के साथ, समावेशी शासन की झलक दिखाती है निकिता की कहानी

By Swati Mohapatra and Devika Deshmukh
Nikita, 19, heads to therapy at PCMC-DBF in Pune, Maharashtra.
UNICEF/UNI848046/Magray
01 सितंबर 2025

पुणे, महाराष्ट्र — तुलजाई नगर के पिंपरी-चिंचवड़ की 19 वर्षीय निकिता संजय धस अपनी सुबह की शुरुआत तालियां बजाकर करती हैं।

बौद्धिक दिव्यांग निकिता के लिए ताली बजाना भूख, खुशी या बाहर जाने की इच्छा जताने का एक तरीका है। उनकी माँ, गीता धस के लिए भी अब निकिता की यही भाषा — प्यार, परवाह, दिनचर्या और अटूट देखभाल का हिस्सा बन गई है।

Nikita, 19, shares a high-five with her mother Geeta while coloring at home in Pimpri-Chinchwad.
UNICEF/UNI848032/Magray Nikita, 19, shares a high-five with her mother Geeta while coloring at home in Pimpri-Chinchwad.

जन्म के समय निकिता बिल्कुल किसी सामान्य बच्चे की तरह ही थी, लेकिन साढ़े तीन साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते निकिता के शरीर में धीरे-धीरे संकेत सामने आने लगे। वह लंबे समय तक लगातार एक ही जगह पर बैठी रहती और उनके शरीर की वृद्धि भी सामान्य बच्चों जैसी नहीं थी। और यहीं से शुरु हुई निकिता और मां गीता के लिए चुनौतियों, बदलावों और उम्मीदों से भरी यात्रा...!

गीता बताती हैं, “मैं निकिता को एक पल के लिए भी अकेला नहीं छोड़ सकती। हमेशा उनके साथ रहना पड़ता है।” लेकिन इस सफर में वह अकेली नहीं हैं।

पिंपरी चिंचवड़ महानगर पालिका दिव्यांग भवन फाउंडेशन (PCMC-DBF) नगर निगम द्वारा शुरू किया गया अपने आप में पहला ऐसा दिव्यांग-समावेशी सहायता केंद्र है, जहां हर तरह के दिव्यांग बच्चों को सहायता मिलती है। सप्ताह में चार दिन, निकिता अपनी गीता के साथ सहायता केंद्र में जाती है, अब तो निकिता के लिए यह उनका दूसरा घर बन चुका है।

गीता कहती हैं, “शुरू में निकिता रोती थी, लेकिन अब वह खुद वहां जाने की जिद करती हैं। वहां म्यूजिक है, बच्चे डांस करते हैं, उन्हें खेल-खेल में थेरेपी मिलती है — और सबसे बड़ी बात, निकिता के जैसे और भी बच्चे हैं। जिनके बीच वह खुद को अपनाया हुआ महसूस करती हैं।”

Priyanka Solanki leads a speech therapy session with 19-year-old Nikita at PCMC-DBF in Pune.
UNICEF/UNI848056/Magray Priyanka Solanki leads a speech therapy session with 19-year-old Nikita at PCMC-DBF in Pune.

केंद्र में निकिता जहां पहले सत्र में आर्ट टीचर मृणाल महाजन के साथ रंग भरती नजर आती हैं। वहीं, दूसरे में स्पीच थेरेपिस्ट प्रियंका सोलंकी ध्वनियों के अभ्यास से उसका आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। मैथिली दिवेकर के नेतृत्व में नृत्य सत्र उनकी चाल-ढाल और मन को मजबूत बनाता है।

घर पर गीता स्मार्ट टीवी जैसे डिजिटल उपकरणों के जरिए निकिता को नई-नई चीजें सीखाती हैं। अब गीता अपनी बेटी के लिए सिर्फ देखभाल करने वाली नहीं, बल्कि टीचर, थेरेपिस्ट और सबसे बड़ी समर्थक भी बन चुकी हैं।

Nikita, 19, walks with her mother, Geeta, on the way to therapy at PCMC-DBF in Pune.
UNICEF/UNI848044/Magray Nikita, 19, walks with her mother, Geeta, on the way to therapy at PCMC-DBF in Pune.

निकिता की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए, पीसीएमसी उसकी देखभाल के लिए हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक मदद भी देती है। हालांकि, यह आर्थिक सहायता राशि ज्यादा बड़ी तो नहीं है, लेकिन यह छोटी सी कोशिश प्रशासन की सकारात्मक समावेशी सोच को दर्शाती है।

1 फरवरी 2024 को शुरू हुए PCMC-DBF ने अगस्त 2024 से थेरेपी सेवाओं के साथ अब तक 750 से अधिक दिव्यांग व्यक्तियों की मदद की है। PCMC-DBF की खासियत सिर्फ उसकी सेवाओं में नहीं, बल्कि उन्हें लागू करने में भी है।

यहाँ परामर्श, आंकलन, व्यावसायिक प्रशिक्षण, सहायक उपकरण और विशेष शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। इसके 41 कर्मचारियों में आठ दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल हैं। यह केंद्र समावेशी सोच की बेहतरीन मिसाल पेश करता है।

Nikita undergoes a hearing test at the Audiology and Speech Department, PCMC-DBF.
UNICEF/UNI848058/Magray Nikita undergoes a hearing test at the Audiology and Speech Department, PCMC-DBF.

जनवरी 2025 में PCMC-DBF ने यूनिसेफ के साथ साझेदारी कर दिव्यांग-समावेशी रणनीति बनाई, जिसे मार्च में पर्पल जल्लोष कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। यह रणनीति दिव्यांगता को स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल संरक्षण, जल-स्वच्छता और समावेशी आंकड़ों जैसे क्षेत्रों में जोड़ती है।

धस परिवार जैसे कई परिवारों के लिए यह केंद्र महज थेरेपी की जगह नहीं, बल्कि अपनापन, गरिमा और उम्मीद जगाने वाली जगह है।

गीता कहती हैं, “यहाँ निकिता के जैसे और भी बच्चे हैं। यहां वह खुद को अकेला महसूस नहीं करती, बल्कि उसे यहां अपनापन मिलता है।”

जैसे-जैसे पिंपरी-चिंचवड़ आगे बढ़ रहा है, यहां के स्थानीय लोगों की सोच भी बदल रही है। निकिता की कहानी हमें दिखाती है कि जब सेवाएं स्थानीय स्तर पर, प्रशिक्षित लोगों के जरिए और संवेदनशीलता के साथ दी जायें, तो सकारात्मक समावेशी सोच को बढ़ावा मिलता है।

निकिता की तालियों में सिर्फ उनकी ज़रूरतें नहीं, बल्कि एक समावेशी भविष्य की पुकार भी छुपी है। और PCMC-DBF उसका उत्तर दे रहा है।