यूनिसेफ इंडिया ने करीना कपूर खान को #फॉरएवरीचाइल्ड के लिए नेशनल एम्बेसडर बनाया
यूनिसेफ इंडिया ने पहली बार चार यंग एडवोकेट को पीयर लीडर्स के रूप में भी नियुक्त किया
- English
- हिंदी
नई दिल्ली, 4 मई 2024 - यूनिसेफ इंडिया ने आज भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय कलाकार करीना कपूर खान को नेशनल एम्बेसडर बनाने की घोषणा की। करीना कपूर यूनिसेफ के साथ मिलकर हर बच्चे की शिक्षा, स्वास्थ्य, उनके शुरुआती बचपन के विकास और लैंगिक समानता के अधिकारों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगी। यूनिसेफ इंडिया भारत के साथ अपनी साझेदारी के 75वें वर्ष में है।
करीना कपूर खान 2014 से यूनिसेफ इंडिया की सेलिब्रिटी एडवोकेट रही हैं और लड़कियों की शिक्षा, लैंगिक समानता, मूलभूत शिक्षा, टीकाकरण और स्तनपान जैसे मुद्दों पर मजबूती से अपनी बात रखती आई हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान खान ने बच्चों की पढ़ाई और स्कूल दोबारा खुलने पर उनकी वापसी के लिए भी आवाज उठाई थी। वह #एवरीचाइल्डराइट्स पर यूनिसेफ के कई वैश्विक अभियानों में सहायक रही हैं।
यूनिसेफ इंडिया का नेशनल एम्बेसडर बनाए जाने पर करीना कपूर खान ने कहा, “बच्चे, जो इस दुनिया की आने वाली पीढ़ी हैं, उनके अधिकारों से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। भारत के नेशनल एम्बेसडर के तौर पर यूनिसेफ के साथ अपने इस सफर को जारी रखने पर मुझे गर्व है। मैं कमजोर बच्चों और उनके अधिकारों के लिए अपनी आवाज और प्रभाव का इस्तेमाल करने का प्रयास करूंगी, खासकर बचपन, शिक्षा और लैंगिक समानता के क्षेत्र में। क्योंकि हर बच्चा खुशहाल बचपन, एक बेहतर अवसर, एक अच्छे भविष्य का हकदार है।”
इसी कार्यक्रम में यूनिसेफ इंडिया ने अपने पहले चार यंग एडवोकेट्स की नियुक्ति की भी घोषणा की। गौरांशी शर्मा, कार्तिक वर्मा, नाहिद आफरीन और विनिशा उमाशंकर को यंग एडवोकेट्स बनाया गया है। ये सभी क्लाइमेट चेंज, मानसिक स्वास्थ्य, नवाचारों और एसटीईएम में लड़कियों जैसे मुद्दों को अपने स्तर पर उठाते रहे हैं और इनके बारे में गहरी समझ रखते हैं। 16 से 24 साल के बीच के चारों एडवोकेट्स की रुचि के अपने विशिष्ट क्षेत्र हैं और उन्होंने इनके लिए काफी काम भी किया है। मध्य प्रदेश से गौरांशी शर्मा ‘खेलने के अधिकार और विकलांगता समावेशन’ पर, तो उत्तर प्रदेश से कार्तिक वर्मा ‘ climate change और बाल अधिकारों’ की वकालत करते रहे हैं। वहीं असम से नाहिद अफरीन ‘मानसिक स्वास्थ्य और प्रारंभिक बचपन के विकास’ के मुद्दे को उठाती रही हैं। तमिलनाडु से विनिशा उमाशंकर एक उभरती प्रवर्तक और एसटीईएम अग्रणी हैं। ये यंग एम्बेसडर यूनिसेफ के वैश्विक कार्यक्रम का हिस्सा हैं और दुनिया भर में नियुक्त किए गए 93 से अधिक यंग एम्बेसडर के समूह में शामिल हैं और बच्चों और युवाओं से संबंधित मुद्दों पर बदलाव ला रहे हैं।
यंग एडवोकेट्स के रूप में अपनी नियुक्ति पर कार्तिक वर्मा ने कहा, “युवा भारत में बदलाव का नेतृत्व कर सकते हैं। बतौर यूनिसेफ इंडिया यूथ एडवोकेट मैं बच्चों और युवाओं, खासतौर पर हाशिए पर रहने वाले और कमजोर समुदायों के लोगों की चिंताओं और दृष्टिकोण को विभिन्न हितधारकों तक पहुंचाने के लिए काम करूंगा।”
असम की यंग एडवोकेट्स नाहिद अफरीन ने कहा,“मैं यूनिसेफ इंडिया का यंग एडवोकेट्स बनाए जाने पर काफी खुश हूं। यह मेरे लिए उन मुद्दों को उठाने और उनकी आवाज बनने का एक शानदार अवसर है, जिनसे कई युवा जूझ रहे हैं। इन मुद्दों में उनका मानसिक स्वास्थ्य भी शामिल है।”
कार्यक्रम में बोलते हुए यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्री ने कहा, “यूनिसेफ इंडिया के नेशनल एम्बेसडर के रूप में करीना कपूर खान का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। उनकी सालों की मजबूत प्रतिबद्धता ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा के काम को आगे बढ़ाने और चलाने में काफी मदद की है। उन्होंने कई राष्ट्रीय और वैश्विक अभियानों का समर्थन करके अपनी ऊर्जा और प्रभाव का परिचय दिया है। वह हमारे चार यंग एडवोकेट्स के साथ यूनिसेफ परिवार में यूनिसेफ इंडिया की नेशनल एम्बेसडर के रूप में शामिल हुई हैं। हम बाल अधिकारों की वकालत जारी रखने के लिए करीना और चारों यंग एडवोकेट्स के साथ काम करने के लिए काफी उत्सुक हैं।”
मैककैफ्री ने कहा, “पिछले साढ़े सात दशकों में, एक गौरवान्वित और भावुक सहयोगी के रूप में यूनिसेफ ने भारत सरकार के नेतृत्व वाले कार्यक्रमों और उपलब्धियों का समर्थन किया है, जिससे लाखों बच्चों और युवाओं को फायदा पहुंचा है। भारत@75 के साथ यूनिसेफ की मूल्यवान साझेदारी को चिह्नित करना आने वाले वर्षों और दशकों में बच्चों के लिए एक नए दृष्टिकोण और पुन: प्रतिबद्धता का अवसर देता है। साझेदारी की इस भावना में यूनिसेफ के लोकप्रिय नेशनल एम्बेसडर, सेलिब्रिटी और यंग एडवोकेट के साथ भागीदारी सभी बच्चों के लिए एक आशाजनक भविष्य का निर्माण जारी रखेगी।”
नोट: ग्लोबल, रीजनल और नेशनल एम्बेसडर यूनिसेफ के सबसे अधिक पहचाने जाने वाले चेहरों में से हैं। कला, संगीत, फिल्म, खेल और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के रूप में वे दुनिया भर के बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों को रेखांकित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जागरूकता बढ़ाने और लोगों का समर्थन जुटाने के लिए एम्बेसडर अपना समय देते हैं, जिससे यूनिसेफ सबसे वंचित बच्चों और किशोरों तक उनके बहुमूल्य जीवन को बचाने के लिए मदद और उम्मीद पहुंचाने में मदद करता है।
मीडिया संपर्क
यूनिसेफ के बारे में
यूनिसेफ दुनिया के सबसे वंचित बच्चों तक पहुंचने के लिए दुनिया की कुछ सबसे मुश्किल जगहों में काम करता है। 190 से अधिक देशों और क्षेत्रों में, हम हर जगह, हर बच्चे के लिए, हर किसी के लिए एक बेहतर दुनिया बनाने के लिए काम करते हैं। यूनिसेफ और बच्चों के लिए उसके काम के बारे में अधिक जानकारी पाने के लिए www.unicef.org पर जाएं।
यूनिसेफ इंडिया भारत में सभी लड़कियों और लड़कों के लिए स्वास्थ्य, पोषण, पानी और स्वच्छता, शिक्षा और बाल सुरक्षा कार्यक्रमों को बनाए रखने और उनका विस्तार करने के लिए बिजनेस और व्यक्तिगत तौर पर प्राप्त सहायता और चंदे पर निर्भर है। आज ही हमारी सहायता करें, ताकि प्रत्येक बच्चा जीवित रह सके और कामयाब हो सके! www.unicef.in/donate
यूनिसेफ इंडिया के लिए http://unicef.in/ पर जाएं। यूनिसेफ को Twitter, Facebook, Instagram, Google+ और LinkedIn पर फॉलो करें।