डिजिटल रुकावटों को तोड़कर समावेशन की ओर कदम बढ़ाना

ऐसे आसान कदम, जिनसे ऑनलाइन दुनिया बन सकेगी सबके लिए सुरक्षित और सुलभ

राघव अग्रवाल, युवा कंटेंट क्रिएटर, यूनिसेफ़ इंडिया, #Youth4UNICEF
Group of children
UNICEF India
05 दिसम्बर 2025

सोचिए, आप इंटरनेट की विशाल दुनिया में कुछ ज़रूरी जानकारी ढूंढ रहे हों या किसी से जुड़ना चाह रहे हों—पर आपको ऐसी रुकावटें मिलें जो आपके लिए आगे बढ़ना मुश्किल बना दें।

मेरे लिए..., और मेरे जैसे लाखों लोगों, खासकर दिव्यांग लोगों के लिए, यह रोज़मर्रा की हकीकत है। इंटरनेट में अपार संभावनाएँ हैं, लेकिन डिजिटल दुनिया अक्सर उन्हीं लोगों को बाहर कर देती है, जिन्हें यह सबसे ज़्यादा सहारा दे सकती है।

लेकिन..., क्या हम इसे बदल सकते हैं?

अगर संगठन और कंपनियाँ कुछ छोटे–छोटे, लेकिन अर्थपूर्ण कदम उठाएँ, तो डिजिटल स्पेस को सबके लिए समावेशी बनाया जा सकता है।

डिजिटल एक्सेसिबिलिटी के लिए किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं है, बल्कि एक ऐसे नज़रिए की ज़रूरत है, जिससे सुनिश्चित ो सके कि हर व्यक्ति, चाहे उसकी क्षमता जो भी हो, इंटरनेट का बराबरी से उपयोग कर सकता है।

मेरे जैसी स्थिति वाले लोग, जो शारीरिक कारणों से ऑनलाइन बातचीत को प्राथमिकता देते हैं, अक्सर महसूस करते हैं कि एक्सेसिबल वेबसाइटें हमें दूसरों की तरह खुलकर जुड़ने का आत्मविश्वास देती हैं। दोस्तों से बात करने की आजादी, जानकारी पाने की आजादी और यहां तक की ऑनलाइन चर्चाओं में शामिल होने की आज़ादी देती है। लेकिन, जब ये सुविधाएँ नहीं होतीं, तो हर बार ऐसा लगता है जैसे एक और अनावश्यक बाधा सामने आ गई हो।

डिजिटल एक्सेसिबिलिटी बढ़ाने के छोटे कदम, जिनका बड़ा प्रभाव होता है:

  • तस्वीरों के लिए Alt Text जोड़ें: इससे स्क्रीन रीडर उपयोगकर्ता भी तस्वीरों में क्या दिखाया गया है, उसे समझ पाते हैं।
  • फ़ॉन्ट साइज बदलने का विकल्प दें: कमज़ोर नज़र या छोटे अक्षरों को पढ़ने में कठिनाई वाले लोगों के लिए यह बहुत ज़रूरी है।
  • उच्च कंट्रास्ट और रंग-संवेदनशीलता सेटिंग्स दें: (रंग-अंधता) या लो विज़न वाले लोगों के लिए उपयोगी है।
  • कीबोर्ड ऐक्सेसिबिलिटी सुनिश्चित करें: कई लोग माउस की जगह कीबोर्ड से ही पूरा नेविगेशन करते हैं।

ये छोटे–छोटे परिवर्तन डिजिटल दुनिया को सभी के लिए स्वागतयोग्य बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। ऐसी वेबसाइटें और ऐप्स देखकर उम्मीद जगती है कि और प्लेटफ़ॉर्म भी इनका अनुसरण करेंगे।

एक्सेसिबिलिटी सिर्फ डिज़ाइन नहीं है—कम्युनिकेशन भी है

एक्सेसिबिलिटी से जुड़ी जानकारी स्पष्ट और अपडेटेड होनी चाहिए, ताकि उपयोगकर्ताओं को भ्रम या निराशा का सामना न करना पड़े।

साइबर सुरक्षा में भी दिव्यांग उपयोगकर्ताओं के लिए चुनौतियाँ अधिक होती हैं

  • CAPTCHA जैसे सुरक्षा फीचर्स अक्सर एक्सेसिबल नहीं होते।
  • धोखाधड़ी वाले संदेश दिव्यांग उपयोगकर्ताओं को आसानी से निशाना बनाते हैं—जैसे मेडिकल सहायता या लाभ का झांसा देकर।
  • स्क्रीन रीडर कभी–कभी स्कैम पेज को भी वैध बता देता है।

सुरक्षा, सम्मानजनक व्यवहार और आसानी से रिपोर्टिंग की सुविधा—ये सभी चीज़ें ऑनलाइन अनुभव को सुरक्षित और समावेशी बनाने में मदद करती हैं। फिर भी कई बार ऑनलाइन मज़ाक, चिढ़ाना या बुलिंग का सामना करना पड़ सकता है, जो आत्मविश्वास पर असर डालता है।

ऐसी स्थिति में, मैंने पाया है कि भरोसेमंद बड़ों से बात करना बेहद ज़रूरी होता है। वे अपने अनुभवों और समझ के आधार पर सही कदम उठाने में मदद कर सकते हैं।

हम सभी मिलकर डिजिटल दुनिया को बेहतर बना सकते हैं

  • हानिकारक सामग्री की बेहतर मॉडरेशन
  • आसान रिपोर्टिंग
  • एक्सेसिबल डिज़ाइन
  • और सबसे ज़रूरी—ऑनलाइन दयालुता और सम्मान

ये सब ऑनलाइन दुनिया को सुरक्षित बनाते हैं। अंत में, यह हम सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी है कि डिजिटल स्पेस ऐसा हो जहाँ हर व्यक्ति—किसी भी क्षमता का हो—सुरक्षित तरीके से सीख सके, जुड़ सके और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।

आइए..., मिलकर सबके लिए एक समावेशी डिजिटल भविष्य बनाएँ!

ब्लॉग के बारे में

यूनिसेफ अपने हर काम में प्रत्येक बच्चे के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देता है। अपने साझेदारों के साथ मिलकर, यूनिसेफ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित बचपन को व्यावहारिकता में बदलने के लिए 190 देशों और क्षेत्रों में काम कर रहा है।

यूनिसेफ इंडिया के और इसके कामों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://www.unicef.org/india/hi पर विजिट करें।

आप हमें ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, यूट्यूब और गूगल प्लस पर फॉलो कर सकते हैं।

हमारे काम का अन्वेषण करें