यूनिसेफ़ इंडिया ने बच्चों की सुरक्षा के लिए शुरू किया पहला इनोवेशन फंड

स्पॉन्सर स्मार्ट को असम में डिजिटल चाइल्ड स्पॉन्सरशिप प्लेटफ़ॉर्म चलाने के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर का अनुदान

10 अक्तूबर 2025
CPIF Visual for PR
UNICEF

नई दिल्ली, भारत: यूनिसेफ़ इंडिया ने देश का पहला चाइल्ड प्रोटेक्शन इनोवेशन फंड (CPIF) लॉन्च किया है। इसका मकसद ऐसे नए और तकनीक-आधारित समाधान लाना है जो बच्चों की सुरक्षा को मजबूत बना सकें। यह फंड चार अहम क्षेत्रों पर ध्यान देगा—बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच आसान बनाना, किशोरियों को सशक्त करना और ऑनलाइन सुरक्षा को बढ़ावा देना।

मई 2025 में यूनिसेफ़ ने अपने कामकाजी राज्यों से आइडियाज़ आमंत्रित किए। इनमें स्पॉन्सर स्मार्ट, बालमित्र बूथ और सुरक्षा नेट जैसे तीन बेहतरीन प्रस्ताव चुने गए। ये सभी डिजिटल माध्यम से बच्चों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग तरीके पेश करते हैं।

विशेषज्ञों की जूरी ने तय मानकों के आधार पर स्पॉन्सर स्मार्ट को विजेता चुना। जूरी में बाल निवेश कोष फाउंडेशन (CIFF), बॉश ग्लोबल सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज और संयुक्त राष्ट्र कार्यालय वियना जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे। चयन में इस बात पर जोर दिया गया कि समाधान बड़े स्तर पर लागू हो सके, व्यावहारिक और टिकाऊ हो, और बच्चों की आवाज़ को प्राथमिकता दी जाए।

स्पॉन्सर स्मार्ट एक व्हाट्सऐप-आधारित डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है जो बच्चों की स्पॉन्सरशिप के लिए आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाता है। इसका स्मार्ट इंजन यह सुनिश्चित करता है कि सबसे ज़्यादा ज़रूरतमंद बच्चों की पहचान निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो। 

परिवार अब डिजिटल रूप से दस्तावेज़ जमा कर सकते हैं, जिससे बार-बार दफ्तर जाने की ज़रूरत नहीं होगी और तीन दिन तक की मज़दूरी का नुकसान बच सकता है। यह प्लेटफ़ॉर्म अधिकारियों का कागज़ी काम भी कम करेगा, ताकि वे बच्चों की मदद में ज़्यादा समय दे सकें।

इस पहल को 50,000 अमेरिकी डॉलर का अनुदान मिला है। इसके तहत असम के तीन जिलों में पायलट प्रोजेक्ट चलाया जाएगा, जिससे चाइल्ड वेलफेयर और प्रोटेक्शन कमेटियां बच्चों की पहचान और मदद जल्दी और बेहतर तरीके से कर पाएंगी।

यह प्लेटफ़ॉर्म डिजिटल पब्लिक गुड के रूप में बनाया जाएगा ताकि इसे पूरे भारत और दूसरे देशों में भी अपनाया जा सके। जब इसे असम राज्य में बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा, तो इसका लाभ 35,000 से अधिक बच्चों तक पहुंचने का अनुमान है। 

यूनिसेफ़ इंडिया के चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट जैरुस लिगू ने कहा, “यह बच्चों की सुरक्षा में तकनीक के इस्तेमाल की दिशा में एक बड़ा कदम है। SponsorSmart जैसे डिजिटल टूल्स हमें बच्चों तक तेज़ी से पहुंचने, देरी कम करने और सिस्टम को उनकी ज़रूरतों के मुताबिक़ ज़्यादा संवेदनशील बनाने में मदद करते हैं।”

सीपीआईएफ (CPIF) तीन स्तंभों पर आधारित है—“मिलकर काम करना, नई पहल को आगे बढ़ाना और सबको जोड़ना।” इसका उद्देश्य सरकार, निजी क्षेत्र और सिविल सोसाइटी को साथ लाकर अच्छे विचारों को बड़े स्तर पर लागू करना और लंबे समय तक बदलाव लाना है।

यूनिसेफ़ इंडिया के चीफ़, सोशल एंड बिहेवियर चेंज, डेनिस क्रिश्चियन लार्सन ने कहा, “यह तो सिर्फ शुरुआत है। हम ऐसे मॉडल बना रहे हैं जो आगे चलकर देशभर में बड़े सुधारों का रूप ले सकते हैं। तकनीक और प्रशासन को मिलाकर हर बच्चे की सुरक्षा करना हमारा लक्ष्य है।”

मीडिया संपर्क

Alka Gupta
Communication Specialist
UNICEF
टेल: +91-730 325 9183
ईमेल: [email protected]
Sonia Sarkar
Communication Officer (Media)
UNICEF
टेल: +91-981 01 70289
ईमेल: [email protected]

यूनिसेफ के बारे में

यूनिसेफ अपने हर काम में प्रत्येक बच्चे के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देता है। अपने साझेदारों के साथ मिलकर, यूनिसेफ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित बचपन को व्यावहारिकता में बदलने के लिए 190 देशों और क्षेत्रों में काम कर रहा है। यूनिसेफ इंडिया भारत में सभी लड़के-लड़कियों के लिए स्वास्थ्य, पोषण, शुद्ध जल उपलब्धता, स्वच्छता, शिक्षा और बाल संरक्षण कार्यक्रमों को बनाए रखने और विस्तारित करने के लिए लोगों के समर्थन और दान पर निर्भर है। हर बच्चे को जीवित रहने और आगे बढ़ने में मदद करने के लिए हमारा समर्थन करें!

यूनिसेफ इंडिया के और इसके कामों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://www.unicef.org/india/hi पर विजिट करें। आप हमें ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और गूगल प्लस पर फॉलो कर सकते हैं।