बच्चों से करें एक वादा: भारत में बच्चों के लिए समान अवसरों के लिए आईसीसी और यूनिसेफ की पहल
यूनिसेफ के नेशनल एंबेसडर और मशहूर बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने बच्चियों से ‘वादा डिजिटल अभियान’ को दिया अपना समर्थन
- English
- हिंदी
नई दिल्ली, भारत - अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और यूनिसेफ ने भारत और श्रीलंका में होने वाले आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के दौरान ‘बच्चों से वादा डिजिटल अभियान’ को और बुलंद करने के लिए हाथ मिलाया है। यह अभियान क्रिकेट प्रेमियों, दर्शकों और खिलाड़ियों से अपील करता है कि वे यूनिसेफ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सभी बच्चों, खासकर सबसे कमजोर तबके की बच्चों की बेहतरी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करें।
यूनिसेफ के नेशनल एंबेसडर और बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना तथा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना के समर्थन से यह पहल क्रिकेट की लोकप्रियता का फायदा उठाकर लोगों को बच्चों के अधिकारों के लिए प्रेरित कर रही है। इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण, सुरक्षित पानी, स्वच्छता और हिंसा से सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं।
आईसीसी के चेयरमैन श्री जय शाह ने कहा कि, “आईसीसी लड़कियों और लड़कों को दुनिया भर में बराबर मौके देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें खुशी है कि हम यूनिसेफ के साथ साझेदारी कर रहे हैं और ऐसी पहलों में निवेश कर रहे हैं जो उन्हें स्वस्थ, पोषित, शिक्षित और खेलने में समर्थ बनाकर उनके जीवन को बेहतर बनाएंगी। ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रन’ कैंपेन के माध्यम से, आईसीसी और यूनिसेफ साथ मिलकर शिक्षकों, क्रिकेटरों और क्रिकेट से जुड़ी हस्तियों के साथ सहयोग करके व्यापक क्रिकेट समुदाय को जोड़ेंगे ताकि हर बच्चे के अधिकारों को आगे बढ़ाया जा सके।”
यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्री ने कहा कि, “क्रिकेट की ताकत का कोई मुकाबला नहीं — इसे अरबों खेल प्रेमियों का समर्थन मिला हुआ है। यूनिसेफ और आईसीसी की यह साझेदारी हर बच्चे — चाहे वो लड़की हो या लड़का — को बराबरी के मौके देने की साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। यह पूरे देश को बच्चों से वादा करने के लिए एकजुट होने की प्रेरणा देती है।”
यूनिसेफ इंडिया के नेशनल एंबेसडर आयुष्मान खुराना ने कहा कि, “मुझे खुशी है कि मैं यूनिसेफ के ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रन’ डिजिटल कैंपेन का हिस्सा हूं, जिसे इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने अपना समर्थन दिया है। मेरे लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम उन लड़कियों और उनके परिवारों की प्रतिबद्धता और लगन को रेखांकित करती है, जो ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रन’ की ताकत को समझते हैं। हर वादा — चाहे छोटा हो या बड़ा — वास्तविक बदलाव ला सकता है और एक न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में मदद कर सकता है।”
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि, “एक क्रिकेटर होने के नाते मैं जानती हूं कि यह खेल बराबरी का संदेश देता है। ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रन’ एक सशक्त अभियान है, जो बच्चों को खुशहाल, स्वस्थ और सुरक्षित बचपन देने की दिशा में एक व्यक्तिगत संकल्प और सामूहिक जिम्मेदारी बन सकता है।”
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के दौरान यह साझेदारी बच्चों और भाग लेने वाली टीमों के साथ क्रिकेट क्लिनिक, खेल के दिग्गजों, संबंधित लोगों के साथ गोलमेज चर्चा, और डिजिटल चैनलों, खिलाड़ियों, कमेंटेटरों और टीवी स्पॉट्स के माध्यम से अभियान के संदेशों को बढ़ावा देगी।
क्रिकेट प्रेमियों से अपील है कि वे आईसीसी और यूनिसेफ के ऑनलाइन मंचों पर जुड़ें और बच्चों से वादा करने के लिए और जानें: https://india.unicef.org/icc-wcwc
संपादकों के लिए जानकारी:
लोगों का निरंतर समर्थन यूनिसेफ को अपने साझेदारों और सरकार के साथ मिलकर देशभर के सबसे जरूरतमंद बच्चों तक स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, साफ पानी, स्वच्छता और एक सुरक्षित माहौल जैसी जरूरी सुविधाएं पहुँचाने में मदद करता है।
प्रॉमिस टू चिल्ड्रन अभियान: ‘बच्चों से वादा’ एक ऐसा डिजिटल अभियान है जो समाज के हर वर्ग के लोगों को बच्चों के समर्थन में एकजुट करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह अभियान सभी से बच्चों के लिए समर्थन का वादा करने की अपील करता है।
लोगों का निरंतर समर्थन यूनिसेफ को अपने साझेदारों और सरकार के साथ मिलकर देशभर के सबसे जरूरतमंद बच्चों तक स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, साफ पानी, स्वच्छता और एक सुरक्षित माहौल जैसी जरूरी सुविधाएं पहुँचाने में मदद करता है।
इस दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के दौरान की गई यह साझेदारी इस 5-सप्ताह की डिजिटल मुहिम को और रफ़्तार देगी, जो 29 सितम्बर 2025 से शुरू हो रही है। इसका मकसद है ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस मुहिम से जोड़ना — ताकि हर बच्चा अपने बचपन का पूरा हक पा सके।
आप भी इस अभियान से जुड़िए और बच्चों से अपना वादा कीजिए: https://india.unicef.org/icc-wcwc
आईसीसी के बारे में
आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) क्रिकेट की वैश्विक संचालन संस्था है। यह 110 सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करती है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को संचालित व प्रशासित करती है। आईसीसी पुरुष और महिला क्रिकेट विश्व कप, टी20 विश्व कप और इससे जुड़े सभी क्वालिफाइंग टूर्नामेंट्स का आयोजन करती है।
आईसीसी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए प्रोफेशनल अनुशासन के मानक तय करने वाले "आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट" का पालन सुनिश्चित करती है, जिसमें खेल की शर्तें, बॉलिंग रिव्यू और अन्य नियम शामिल हैं। खेल के मूल कानूनों की जिम्मेदारी अब भी एमसीसी के पास है।
आईसीसी ही टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए अंपायर और रेफरी की नियुक्ति करती है। इसकी भ्रष्टाचार विरोधी इकाई (Anti-Corruption Unit) के जरिए भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग के खिलाफ कार्रवाई भी होती है।
आईसीसी का डिवेलपमेंट विभाग अपने एसोसिएट सदस्यों के साथ मिलकर क्रिकेट की गुणवत्ता सुधारने, बेहतर क्रिकेट ढांचे बनाने, ज्यादा लोगों को क्रिकेट से जोड़ने और खेल को आगे बढ़ाने का काम करता है।
मीडिया संपर्क
यूनिसेफ के बारे में
यूनिसेफ अपने हर काम में प्रत्येक बच्चे के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देता है। अपने साझेदारों के साथ मिलकर, यूनिसेफ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित बचपन को व्यावहारिकता में बदलने के लिए 190 देशों और क्षेत्रों में काम कर रहा है। यूनिसेफ इंडिया भारत में सभी लड़के-लड़कियों के लिए स्वास्थ्य, पोषण, शुद्ध जल उपलब्धता, स्वच्छता, शिक्षा और बाल संरक्षण कार्यक्रमों को बनाए रखने और विस्तारित करने के लिए लोगों के समर्थन और दान पर निर्भर है। हर बच्चे को जीवित रहने और आगे बढ़ने में मदद करने के लिए हमारा समर्थन करें!
यूनिसेफ इंडिया के और इसके कामों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://www.unicef.org/india/hi पर विजिट करें। आप हमें ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और गूगल प्लस पर फॉलो कर सकते हैं।