बॉलीवुड स्टार और यूनिसेफ इंडिया के राष्ट्रीय राजदूत आयुष्मान खुराना बच्चों के अधिकारों के लिए आईसीसी-यूनिसेफ में शामिल हुए
यूनिसेफ-आईसीसी की साझेदारी बच्चों के लिए समान अवसरों का वादा मजबूत करती है; नवी मुंबई में इंडिया–बांग्लादेश मैच की शुरुआत में हुआ विशेष ट्रॉफी वॉकआउट
- English
- हिंदी
मुंबई — क्रिकेट प्रशंसकों से बच्चों के अधिकारों के समर्थन का वादा करने का आह्वान करते हुए, यूनिसेफ इंडिया के राष्ट्रीय राजदूत और बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना ने आज यहां भारत और बांग्लादेश के बीच आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप मैच शुरू होने से पहले खेल के मैदान तक ट्रॉफी ले जाने में भाग लिया।
आयुष्मान खुराना के साथ यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि सिंथिया मैकैफ़्री और दो बच्चे आशीष गुप्ता और दिशिता निर्मल भी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम यूनिसेफ और ICC की साझेदारी के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों के अधिकारों को बढ़ावा देना है।
यह साझेदारी भारत और श्रीलंका में आयोजित आईसीसी (ICC) विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के दौरान चल रहे ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रेन’ अभियान को और मजबूत करती है। यह अभियान क्रिकेट प्रशंसकों, दर्शकों और खिलाड़ियों से अपील करता है कि वे यूनिसेफ के साथ मिलकर हर बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त बनाने का संकल्प लें।
इस मौके पर आयुष्मान खुराना ने क्रिकेट की शक्ति पर बात करते हुए कहा,
“यूनिसेफ इंडिया का नेशनल एंबेसडर होने के नाते, बच्चों के अधिकारों के लिए यूनिसेफ-ICC साझेदारी का हिस्सा बनकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है — यह एक भावना है, जो लोगों को जोड़ती है।
जब फैंस, खिलाड़ी और संस्थाएं बच्चों के अधिकारों, समानता और अवसरों के बारे में मिलकर बात करते हैं, तो यह संदेश लाखों तक पहुंचता है। यह बदलाव की एक चिंगारी बन सकता है। मैं यूनिसेफ का धन्यवाद करता हूं कि वे इस महत्वपूर्ण काम को आगे बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “आज का ट्रॉफी वॉकआउट हमें याद दिलाता है कि हर बच्चे के लिए अपना वादा निभाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने कहा, "बच्चों के लिए एक उज्जवल भविष्य का निर्माण करने हेतु क्रिकेट की शक्ति को बढ़ाने में आईसीसी के साथ यूनिसेफ की साझेदारी अमूल्य है। यूनिसेफ इंडिया के राष्ट्रीय राजदूत, आयुष्मान खुराना का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने खेल रही टीमों की उपस्थिति और समर्थन के साथ-साथ भारत भर के युवा मन और दर्शकों को प्रेरित किया। आयुष्मान हम सभी को बच्चों के प्रति अपने वादे को दोहराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं - जिससे स्वस्थ, सुरक्षित बचपन और समृद्ध भविष्य संभव हो सके।"
यूनिसेफ-आईसीसी विश्व कप साझेदारी ने 25 अक्टूबर को आईसीसी क्रिकेट4गुड क्लिनिक का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य बच्चों को खिलाड़ियों के करीब लाना था ताकि क्रिकेट के माध्यम से बाल अधिकारों, लैंगिक समानता और समावेशिता को बढ़ावा दिया जा सके। डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम स्थित क्लिनिक में बीस बच्चों ने मैदान पर कोचिंग सत्रों, टीम वर्क गतिविधियों और जीवन कौशल, नेतृत्व, स्वास्थ्य और समानता पर इंटरैक्टिव चर्चाओं में भाग लिया।
आयुष्मान खुराना भारत के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में से एक हैं, जो अपनी बहुमुखी प्रतिभा और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्हें 2023 में यूनिसेफ इंडिया का राष्ट्रीय राजदूत नियुक्त किया गया था। वे भारत के बच्चों के जीवित रहने, फलने-फूलने और उन्हें प्रभावित करने वाले निर्णयों में सुरक्षित रूप से भाग लेने के अधिकारों की वकालत में एक सशक्त आवाज़ जोड़ते हैं।
फोटो डाउनलोड करें:
https://weshare.unicef.org/Package/2AM408QQLQLQ
यूनिसेफ–आईसीसी साझेदारी के बारे में
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और यूनिसेफ मिलकर ICC विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के दौरान ‘प्रॉमिस टू चिल्ड्रेन’ डिजिटल अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। यह अभियान क्रिकेट प्रशंसकों, दर्शकों और खिलाड़ियों से अपील करता है कि वे यूनिसेफ के साथ मिलकर सभी बच्चों—खासकर सबसे कमजोर बच्चों—के लिए समान अवसर उपलब्ध करवाने का वादा करें।
आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान इस साझेदारी के तहत कई गतिविधियाँ होंगी, जिनमें शामिल हैं:
- बच्चों और भाग लेने वाली टीमों के साथ क्रिकेट क्लिनिक
- खेल जगत की दिग्गज हस्तियों और विभिन्न हितधारकों के साथ गोलमेज चर्चाएँ
- डिजिटल प्लेटफॉर्म, खिलाड़ियों, कमेंटेटरों और टीवी स्पॉट्स के माध्यम से अभियान संदेश
क्रिकेट प्रशंसकों को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे ICC और यूनिसेफ के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जाकर इस अभियान के बारे में और जानें और अपना ‘Promise to Children’ करें। - https://india.unicef.org/icc-wcwc
मीडिया संपर्क
यूनिसेफ के बारे में
यूनिसेफ अपने हर काम में प्रत्येक बच्चे के अधिकारों और कल्याण को बढ़ावा देता है। अपने साझेदारों के साथ मिलकर, यूनिसेफ बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित बचपन को व्यावहारिकता में बदलने के लिए 190 देशों और क्षेत्रों में काम कर रहा है। यूनिसेफ इंडिया भारत में सभी लड़के-लड़कियों के लिए स्वास्थ्य, पोषण, शुद्ध जल उपलब्धता, स्वच्छता, शिक्षा और बाल संरक्षण कार्यक्रमों को बनाए रखने और विस्तारित करने के लिए लोगों के समर्थन और दान पर निर्भर है। हर बच्चे को जीवित रहने और आगे बढ़ने में मदद करने के लिए हमारा समर्थन करें!
यूनिसेफ इंडिया के और इसके कामों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://www.unicef.org/india/hi पर विजिट करें। आप हमें ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और गूगल प्लस पर फॉलो कर सकते हैं।