माधुरी दीक्षित
माधुरी दीक्षित भारतीय फिल्म उद्योग की अब तक की सबसे पसंदीदा और प्रशंसित नायिका मानी जाती हैं।
- English
- हिंदी
माधुरी दीक्षित भारतीय फिल्म उद्योग की अब तक की सबसे पसंदीदा और प्रशंसित नायिका मानी जाती हैं। उनकी फिल्मों की विविधता के सामने अक्सर अभिनेताओं की लोकप्रियता भी फीकी पड़ जाती थी। बॉलीवुड की दुनिया में सराहनीय काम करके उन्होंने लाखों सिने- प्रेमियों के दिलों पर राज किया है।
आज दो बच्चों की माँ के रूप में, माधुरी दीक्षित अभी भी टेलीविज़न पर एक बेहद लोकप्रिय डांस रियलिटी शो में जज बनकर अपनी उपस्थिति से लाखों भारतीय दर्शकों का दिल जीत रही हैं।
माधुरी दीक्षित को 2014 में भारत में बाल अधिकारों के लिए यूनिसेफ सेलिब्रिटी एडवोकेट नियुक्त किया गया था। माधुरी को एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व की धनी और माँ के रूप में पहचान मिली है।
उनकी शक्तिशाली क्षमता को ध्यान में रखते हुए और भारत के विभिन्न समुदायों और वर्गों में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए, बच्चों के मौलिक अधिकारों के संदेश का प्रचार करने के लिए वह हर तरीके से योग्य हैं।
माधुरी दीक्षित विशेष रूप से बाल श्रम और बाल तस्करी की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों की हिमायत करते हुए यूनिसेफ का समर्थन करती रही हैं। इन मुद्दों पर उनकी कुछ प्रमुख जन-कल्याण घोषणाओं को बड़े पैमाने पर भारत के विभिन्न समुदायों को शिक्षित करने के लिए संचार-सामग्री के रूप में उपयोग किया जा रहा है।
“उचित पोषण, परवरिश और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बच्चे का मूल अधिकार है। मैं इस महत्त्वपूर्ण विषय का पूरा समर्थन करती हूँ और लोगों के बीच इन मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहती हूँ, ताकि हमारे देश के बच्चों को उनके मूल अधिकार मिल सकें। मुझे खुशी है कि मैं इस मंच के माध्यम से अपनी आवाज़ का इस्तेमाल इन बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कर सकती हूँ।”
माधुरी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मिलकर 'ममता अभियान' नामक पहल शुरू करने के लिए 2015 में मध्य प्रदेश का दौरा किया। इस अभियान का उद्देश्य मध्य प्रदेश राज्य में नवजात शिशुओं और उनकी माताओं को जीवन सरंक्षण प्रदान करना है।
इस अभियान के द्वारा "बारह किफ़ायती और सरल व्यवहार" पर समुदायों को सूचित और शिक्षित किया गया, जो राज्य में नवजात और मातृ मृत्यु दर को कम करने में एक प्रभावशाली भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर माधुरी दीक्षित की उपस्थिति से हमें लोगों तक पहुँचने और अपने संदेश को मज़बूती और प्रभावी ढंग से प्रसारित करने में मदद मिली।
हमारे विभिन्न कार्यक्रमों और पहलों के सहयोग से, माधुरी दीक्षित सभी बच्चों और उनकी माताओं को प्यार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, देखभाल और सम्मान देने के महत्व पर ज़ोर दे रही हैं। इन मुद्दों पर अपने काम के माध्यम से, वह हर एक बच्चे के लिए जीवन काल के सभी चरणों में विकास की आवश्यकता का प्रचार कर रहीं हैं।
माधुरी दीक्षित की विभिन्न वर्गों,उम्र, लिंग और क्षेत्रों के लोगों में अपार लोकप्रियता उन्हें इन मुद्दों पर आवाज़ उठाने के लिए उचित और प्रभावी व्यक्तित्व बनाती है।उन्होंने बाल अधिकारों पर हमारे संचार के साथ-साथ हर बच्चे के जीवन में एक अंतर लाने के हमारे प्रयासों को अधिक विश्वसनीयता और ऊर्जा प्रदान की है।
आने वाले वर्षों में, वह उच्च-स्तरीय सरकारी अधिकारियों, हमारे एन.जी.ओ. भागीदारों और जनता के बीच, बाल अधिकारों के मुद्दों की हिमायत करते हुए देश भर के विभिन्न यूनिसेफ समर्थित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। वह इन मुद्दों से संबंधित कार्यों के लिए धन जुटाने और हिमायत करने हेतु आयोजित कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।